
Jugdish ‘Teerthraj’ Aujayeb
जगदीश ‘तीर्थराज’ ओजायेब का जन्म मॉरीशस देश के दक्षिण प्रांत सुरिनाम नामक गाँव में 8 फरवरी, 1947 को हुआ। उनका पालन-पोषण तथा प्राथमिक शिक्षा न्यूग्रोव नामक गाँव में हुई। वे एक गरीब और मजदूर के बेटे थे, सो वे भी बारह साल की आयु में खेतों में मजदूरी करने लगे। बीस साल की आयु तक उन्हें हिंदी अक्षर-शब्दों का कोई ज्ञान नहीं था। उसके बाद वे अंगे्रजी-फ्रेंच आदि के साथ-साथ हिंदी भी पढ़ने लगे। पच्चीस साल के होते-होते हिंदी अध्यापक भी बन गए। 1975 में उन्होंने ‘हिंदी विकास साहित्य संघ’ नामक संस्था की स्थापना की और मॉरीशस के दक्षिणी प्रांतों में हिंदी के ज्ञान-दान में लग गए, जो आज भी जारी है। हिंदी शिक्षण के अलावा संस्था द्वारा अनेक सामाजिक कार्यों, जैसे रक्त दान, स्कूलों में पुस्तकों का दान, मुफ्त चिकित्सा आदि में भी खूब योगदान होता है। वर्ष 1975 में ही उन्होंने अपना पहला नाटक लिखा और प्रस्तुत भी किया—‘अब क्या होगा’। अब तक उन्होंने सौ से भी ज्यादा नाटक, कहानियाँ, लेख, कविताएँ आदि लिखी हैं। उन्हीं में से कुछ नाटक इस संग्रह में संकलित हैं। कुछ नाटक शिक्षा मंत्रालय द्वारा लेखन प्रतियोगिता में पुरस्कृत हो चुके हैं और कुछ देश में मंचित भी हो चुके हैं।.