
शरद जोशी
शरद जोशी - प्रबद्ध, स्वतन्त्र और बेबाक पत्रकार एवं व्यंग्यकार शरद जोशी का जन्म 21 मई, 1931 को उज्जैन, म.प्र. में हुआ था। पत्रकारिता, आकाशवाणी और सरकारी नौकरी के बाद उन्होंने लेखन को ही अपना जीवन बना लिया। 'नई दुनिया' से उन्होंने लेखन की शुरुआत की। 1980 में 'हिन्दी एक्सप्रेस' के सम्पादन का दायित्व सम्भाला। बाद में 'नवभारत टाइम्स' में दैनिक व्यंग्य लिखकर वे देशभर में चर्चित हो गये। गद्य (व्यंग्य) को कविता की तरह पढ़कर कवि-सम्मेलनों में मंच लूटने की भी उन्होंने महारत हासिल की। शरद जोशी की प्रमुख कृतियाँ हैं— 'जीप पर सवार इल्लियाँ', 'रहा किनारे बैठ', 'मेरी श्रेष्ठ रचनाएँ', 'पिछले दिनों', 'किसी बहाने', 'परिक्रमा', 'यथासम्भव', 'यत्र तत्र सर्वत्र' और 'हम भ्रष्टन के भ्रष्ट हमारे'। अन्तिम तीन व्यंग्य-संग्रह भारतीय ज्ञानपीठ से प्रकाशित। कुछेक व्यंग्य-नाटक भी चर्चित और मंचित हुए हैं। उन्होंने दूरदर्शन के लिए धारावाहिकों के अलावा फ़िल्मी संवाद भी लिखे। 1989 में भारत सरकार ने उन्हें 'पद्मश्री' से अलंकृत किया। 5 सितम्बर, 1991 को उनका देहावसान हो गया।