अन्तर्कथाओं के आईने में उपन्यास - \nराहुल सिंह ने पिछले एक दशक में कथालोचना के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनायी है। हिन्दी उपन्यासों पर केन्द्रित उनकी यह आलोचनात्मक कृति 1936 ई. से लेकर 2014 ई. तक के अन्तराल से एक चयन प्रस्तुत करती है। इसमें एक ओर तो अकादमिक क्षेत्र में पढ़ाये जानेवाले 'गोदान', 'तमस' और 'डूब' जैसे उपन्यास हैं तो वहीं दूसरी ओर 'मिशन झारखण्ड', 'समर शेष है', 'निर्वासन', 'कैसी आगि लगायी', 'बरखा रचायी', 'आदिग्राम उपाख्यान', 'काटना शमी का वृक्ष पद्म पंखुरी की धार से' और संजीव की 'फाँस' को छोड़कर उनके लगभग उपन्यासों को रेखांकित करता एक विशद् आलेख शामिल है, जिसके केन्द्र में 'रह गयी दिशाएँ इसी पार' है। उपन्यासों में विन्यस्त कथात्मकता की परतों को खोलने के लिए उसकी अन्तर्कथाओं को उपन्यासकार द्वारा उपलब्ध कराये गये अन्तःसूत्रों की तरह वे अपनी आलोचना में बरतते हैं। इस कारण वे पाठ के भीतर से उपन्यास के लिए प्रतिमान ढूँढ़नेवाले एक श्रमसाध्य आलोचक की छवि प्रस्तुत करते हैं। हर लेख आलोचना की भाषा पर की गयी उनकी मेहनत का पता देती है। कथात्मकता की कसौटी पर वे उपन्यासों से इतर एक आत्मकथा 'मुर्दहिया', एक डायरी 'अग्निपर्व शान्तिनिकेतन' और एक आलोचनात्मक कृति 'उपन्यास और वर्चस्व की सत्ता' पर भी कुछ ज़रूरी बातें प्रस्तावित करते हैं। इस लिहाज़ से देखें तो समकालीन कथात्मकता की पड़ताल करती एक ज़रूरी किताब है, जिसे ज़रूर देखा जाना चाहिए।
राहुल सिंह - 13 जनवरी, 1981 को राँची के नज़दीक हटिया नामक क़स्बे में जन्म। शुरुआती शिक्षा वहीं से। सन्त जेवियर कॉलेज, राँची से स्नातक। राँची विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर विभाग से एम.ए.। तत्पश्चात जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नयी दिल्ली से एम.फिल. और पीएच.डी.। 1 मार्च, 2008 से देवघर (झारखण्ड) के ए.एस. कॉलेज में अध्यापनरत। एक दशक से हिन्दी आलोचना में सक्रिय। अब तक 'पहल', 'तद्भव', 'नया ज्ञानोदय', 'बहुवचन', 'प्रगतिशील वसुधा', 'रचना समय', 'पाखी', 'साखी', 'समीक्षा', 'परिकथा', 'उद्भावना', 'संवेद', 'लमही', 'शब्दयोग', 'वर्तमान साहित्य', 'समकालीन सरोकार' आदि पत्रिकाओं में सत्तर से ज़्यादा लेख प्रकाशित हो चुके हैं। हाल के वर्षों में विश्व सिनेमा और हिन्दी सिनेमा पर भी बहुत अलग क़िस्म का ध्यान खींचने वाला काम किया है। आधुनिकता की अवधारणा, समकालीन हिन्दी कहानी, विश्व सिनेमा व हिन्दी सिनेमा तथा कलाओं के अन्तर्सम्बन्ध, पर कुछ किताबें प्रकाशन के लिए तैयार कुछ प्रक्रिया में। प्रकाशित कृति: विचार और आलोचना।
राहुल सिंहAdd a review
Login to write a review.
Customer questions & answers