फाँस - \nयदि एक शे'र का सहारा लें तो विजय गौड़ के पहले उपन्यास 'फाँस' के निहितार्थ को इस प्रकार व्यक्त कर सकते हैं:\n'तुम जब कभी इस मुल्क का इतिहास लिखोगे।\nक्या उसमें मेरी भूख मेरी प्यास लिखोगे !! '\nयुवा लेखक विजय गौड़ विभाजन की त्रासदी के बाद पुनर्निर्माण की प्रक्रिया और उसके समानान्तर चलती 'विकास' की गतिविधियों को इस उपन्यास में परिभाषित करते हैं। स्वातन्त्र्योत्तर देश में किसके हिस्से कितनी आज़ादी आयी, किसके हिस्से की रौशनी लूट ली गयी, चन्द प्रतिशत लोगों ने किस प्रकार अपार जनसमुदाय के अधिकारों का संहार किया और हाशिये के लोग किन साजिशों के तहत ठिकाने लगा दिये गये—ऐसे जाने कितने सवाल हैं जो कथावस्तु में गूँजते रहते हैं।\nयथार्थ को व्यक्त करने के लिए लेखक निम्नवर्गीय जन-जीवन को रचना के केन्द्र में रखता है। मंगू, गुरुप्रसाद, तुफ़ैल, सोम्मी, रीना, पुरुषोत्तम जैसे श्रमजीवियों में बची हुई मनुष्यता को लेखक सघन आस्था के साथ रेखांकित करता है। अनपढ़ सोम्मी चुपचाप 'स्त्री शक्ति' का नया भाष्य रचती रहती है। ये चरित्र लम्बे समय तक याद रहते हैं। इनके बीच 'डॉ. होगया' जैसा अजीबोग़रीब चरित्र भी है, जिसके कारण उपन्यास में रोचकता बढ़ती है।\nविजय गौड़ ने विचार और बाज़ार की रस्साक़शी का जायज़ा भी लिया है। उनके पास विषयानुकूल व पात्रानुरूप भाषा व भंगिमा है। परिवेश जीवन्त हो उठता है और आशय स्पष्ट। 'फाँस' उस कसक या वेदना का बयान है जो एक ज़िम्मेदार रचनाशील मन प्रतिपल अनुभव करता है, 'विचारों का अन्त' की पूँजीवादी, छद्म आधुनिक और अवसरवादी घोषणाओं के बावजूद।\nएक युवा दृष्टिकोण के साथ रचा गया महत्त्वपूर्ण उपन्यास।—सुशील सिद्धार्थ
विजय गौड़ - जन्म: मई 1968, देहरादून। शिक्षा: विज्ञान स्नातक, एम.ए. हिन्दी। प्रकाशन: अब तक एक कविता संकलन 'सबसे ठीक नदी का रास्ता'। 'फाँस' पहला उपन्यास। सम्पादन : नौवें दशक की शुरुआत में कविता फोल्डर 'फ़िलहाल' का सम्पादन। इंटरनेट पर 'लिखो यहाँ वहाँ' नामक ब्लॉग के सम्पादक।
विजय गौरAdd a review
Login to write a review.
Customer questions & answers