
कुँवर नारायण
कुँवर नारायण - कवि-चिन्तक कुँवर नारायण (1927-2017) ने छह दशकों तक फैले अपने लेखन में अध्ययन की व्यापकता, सरोकारों की विविधता और भाषा के सौन्दर्य बोध के कारण रचना और जीवन-दृष्टि को निरन्तर समृद्ध किया है। उनकी रचनाएँ वर्तमान इतिहास, समकाल-पुराकाल, राजनीति समाज, परिवार व्यक्ति, मानवता-नैतिकता के दुहरे आयामों को समेटती हैं। एक दुर्लभ संवेदनशीलता के चलते उन्होंने साहित्य की कई परम्पराओं के साथ जीवन्त संवाद कायम किया है। उनकी सृजनशील उपस्थिति हिन्दी समाज के लिए गहरी आश्वस्ति का विषय है। कुँवर नारायण मुख्यत: कवि हैं किन्तु साहित्य की दूसरी विधाओं में भी निरन्तर लिखते रहे हैं। अब तक कविता की उनकी दस पुस्तकों के अलावा चार आलोचना, एक कहानी-संग्रह, एक डायरी, दो साक्षात्कार और रचनाओं पर केन्द्रित छह संचयन प्रकाशित हो चुके हैं। अनेक कृतियों के भारतीय और विदेशी भाषाओं में अनुवाद भी प्रकाशित हुए हैं। उन्हें 'ज्ञानपीठ पुरस्कार', 'पद्मभूषण', रोम का 'प्रीमिओ फ़ेरोनिआ' और साहित्य अकादेमी की 'महत्तर सदस्यता' जैसे महत्त्वपूर्ण सम्मान मिल चुके हैं।